पंजाब पर चढ़ा 3 लाख करोड़ कर्जा कहां खर्च हुआ, जांच कर रिकवरी करेंगे - भगवंत मान

पंजाब पर चढ़ा 3 लाख करोड़ कर्जा कहां खर्च हुआ, जांच कर रिकवरी करेंगे - भगवंत मान

पंजाब के CM भगवंत मान ने राज्य पर चढ़े 3 लाख करोड़ के कर्जे के संबंध में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि AAP सरकार इसकी जांच करेगी। यह पैसा कहां खर्च किया गया ? पिछली सरकारों ने यह कर्ज छोड़ा था। यह कर्ज कहां इस्तेमाल किया, इसकी जांच कर रिकवरी की जाएगी। यह लोगों का पैसा है।

मान के ऐलान से अब पंजाब में सरकार चलाने वाली पार्टियों कांग्रेस और अकाली दल की मुश्किल बढ़ सकती है। पंजाब में पिछले करीब 70 साल से कांग्रेस और अकाली दल की अगुवाई वाली ही सरकारें रही हैं।

CM मान ने कहा कि सब कहते हैं कि पंजाब पर 3 लाख करोड़ का कर्जा है। कैसे गारंटी पूरी करेंगे। मान ने कहा कि पिछले कई सालों से न तो पंजाब में कोई अस्पताल बना और न ही कोई सरकारी स्कूल-कॉलेज। कोई नई सरकारी यूनिवर्सिटी भी नहीं बनी। जो पहले की बनी हैं, वह भी घाटे में चल रही हैं। सड़कें भी प्राइवेट कंपनियों ने बनाई हैं। फिर कर्जा कहां गया?


यह कर्जा कुछ पहाड़ियों की जड़ों में पड़ा है। मुझे पता है कि कर्जा कहां-कहां है? इसकी हमें रिकवरी करनी है। यह पैसा लोगों का है। हम इसे यह कहकर नहीं छोड़ सकते कि जो हो गया, सो हो गया। मान ने कुछ दिन पहले पंजाब में हर घर को प्रति महीने 300 यूनिट बिजली फ्री की घोषणा की थी। इस दौरान कर्ज के खर्च का मुद्दा उठाया था।


कुछ दिन पहले CM भगवंत मान ने भी केंद्र सरकार से 2 साल में 1 लाख करोड़ का स्पेशल पैकेज मांगा था। मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात के बाद हर साल 50 हजार करोड़ रुपए की मांग की थी। हालांकि इसको लेकर खूब सियासी विरोध भी हुआ। विरोधियों ने कहा कि आप का दावा था कि माफिया खत्म कर पैसा जुटाएंगे लेकिन अब खुद भी कर्जा मांग रहे हैं।