जरूरत पड़ने पर दोबारा कृषि कानून - कलराज मिश्र

जरूरत पड़ने पर दोबारा कृषि कानून - कलराज मिश्र

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कृषि कानून पर कहा कि समय अनुकूल नहीं है, इसलिए प्रधानमंत्री ने कृषि कानून वापस लेने का फैसला लिया हैं। अगर आगे जरूरत पड़ी, तो किसान बिल फिर लाया जाएगा। भदोही में पहुंचे मिश्र ने कहा, प्रधानमंत्री किसानों को उनके लिए बने तीनों कानूनों के बारे में समझा नहीं पाए। किसानों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहा। इसलिए सरकार ने बड़ी ही शालीनता से तीनों कानून को वापस लेने का फैसला किया है। सरकार ने अच्छा कदम उठाया है।

कलराज मिश्र फिल्म निर्माता कृष्णा मिश्रा की बेटी की शादी के मौके पर शनिवार को उनके भदोही स्थित घर पहुंचे थे। उन्होंने विंध्याचल धाम में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। UP की बढ़ती जनसंख्या पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में काफी बढ़िया चल रहा है। अनेक रंग संजोए हुए हैं, जो किसी दूसरे प्रदेश में नहीं हैं।

कलराज मिश्र ने कहा, मैं समझता हूं कि UP हर मोर्चे पर मजबूत और सामर्थ्यवान है। राज्यपाल ने संकेतों में कहा कि जनसंख्या को देखते हुए उत्तरांखड की तर्ज पर यहां भी बंटवारा हो जाना चाहिए। ये सरकार के ऊपर है।

शनिवार को उन्नाव में भाजपा सांसद साक्षी महाराज का भी कृषि कानूनों पर बयान आया। उन्होंने कहा कि बिल तो आते-जाते और बनते-बिगड़ते रहते हैं। फिर बन जाएंगे। पीएम मोदी के लिए राष्ट्र पहले है, इसलिए उन्होंने बिल वापस लेने के लिए कहा। किसानों के बीच में उपद्रवी देशद्रोही गतिविधियां कर रहे थे। उनकी मंशा पर पीएम ने पानी फेर दिया है। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान को बड़ा भाई बताने पर कहा कि संत होने के नाते उन्हें सलाह देते हैं। जहां बड़ा भाई रहता है, वहीं छोटा भाई भी रहे, यही बेहतर है।  TNI