वसीम रिजवी का धर्मांतरण कराने वाले जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर ने बापू को गंदगी बताया

वसीम रिजवी का धर्मांतरण कराने वाले जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर ने बापू को गंदगी बताया

कालीचरण महाराज के बाद अब जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर विवादित बयान दिया है। यति नरसिंहानंद ने गांधी को गंदगी बताया। उन्होंने हरिद्वार से एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि हमने तय किया था कि गांधी के बारे में नहीं बोलेंगे, लेकिन आज मजबूरी है।

गांधी नाम की गंदगी के कारण कालीचरण महाराज को जिन्होंने गिरफ्तार किया है, उनका मां काली और महादेव समूल नाश करेंगे। नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने बहुत ही बेशर्मी भरा काम किया है।

बता दें कि यति नरसिंहानंद गाजियाबाद के डासना देवी मंदिर के महंत हैं। 6 दिसंबर को उन्होंने शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी का धर्मांतरण कराया था। साथ ही रिजवी को नया नाम जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी दिया था।

नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि गांधी के बारे में कालीचरण महाराज ने जो कहा हम उससे सौ फीसदी सहमत हैं। सभी परिस्थितियों में हम कालीचरण महाराज के साथ हैं। हम आशा करते हैं कि जल्द उनकी जमानत होगी और वह बाहर आ जाएंगे, लेकिन अगर उनकी जमानत में देरी की गई, तो हम लोग वहां जाकर उनके लिए संघर्ष करेंगे।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के आवास पर जाकर आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने कहा- मैं सभी संतों, भक्तों से कहना चाहता हूं कि कालीचरण महाराज का साथ दीजिए। हर उस व्यक्ति का साथ दीजिए, जो धर्म के लिए लड़ रहा है।

नरसिंहानंद गिरि गाजियाबाद के रहने वाले हैं। वह डासना देवी मंदिर के पीठाधीश्वर हैं। हाल ही में उनको जूना अखाड़ा का महामंडलेश्वर बनाया गया है। 17 से 19 दिसंबर तक हरिद्वार में चली धर्म संसद में वह भी शामिल हुए थे।

सुप्रीम कोर्ट में देश के जाने-माने 76 वकीलों ने जिन 9 साधु-संतों के खिलाफ हेट स्पीच की चिट्ठी लिखी है, उनमें नरसिंहानंद गिरि का भी नाम है। वह अक्सर विवादित बोल के लिए चर्चाओं में रहते हैं।  TNI